विप्रो को मिल सकता है 2500 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट  

 

मुंबई। दूरसंचार कंपनियों से दो बड़े आईटी आउटसोर्सिंग अनुबंधहासिल कर चुकी विप्रो लिमिटेड एक और बड़े आउटसोर्सिंग अनुबंध के लिए चुने गए दावेदारों में शामिल है। यह सौदा स्वान टेलीकॉम के साथ हो सकता है। इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रहने वाले अन्य वेंडरों में आईबीएम और टेक महिंद्रा शामिल हैं। उद्योग जगत के सूत्रों के मुताबिक यह अनुबंध करीब 2,500 करोड़ के यूनिटेक वायरलेस सौदे जितना बड़ा हो सकता है।

स्वान टेलीकॉम में संयुक्त अरब अमीरात की ऑपरेटर एतिसलत की बहुमत हिस्सेदारी है। अगर विप्रो यह अनुबंध हासिल करने में कामयाब रहती है तो वह आईबीएम के बराबर आउटसोर्सिंग सौदों तक पहुंच बनाने में कामयाब हो जाएगी। इस सप्ताह की शुरुआत में विप्रो ने यूनिटेक वायरलेस के साथ 9 साल के अनुबंध का एलान किया था। अनुमान है कि यह 2,500 करोड़ रुपए का हो सकता है। इसके अलावा जनवरी 2008 में उसने एयरसेल सेल्युलर के साथ 60 करोड़ डॉलर के सौदे की घोषणा की थी।

आईबीएम ने भारती एयरटेल, वोडाफोन और आइडिया सेल्युलर से बड़े आउटसोर्सिंग अनुबंध हासिल किए हैं। जनवरी 2008 में एयरसेल सौदे की घोषणा होने तक उसकी कामयाबी का सिलसिला जारी था और उसने दूरसंचार कंपनियों के सभी बड़े अनुबंध हासिल किए। उद्योग जगत के एक विशेषज्ञ ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि स्वान टेलीकॉम के अनुबंध के लिए 7 वेंडर दौड़ में थे जिनमें से करीब 4 अंतिम सूची में जगह बनाने में सफल हुए लगते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिस्पर्धात्मक कारणों की वजह से दूरसंचार कंपनी आईबीएम के अलावा किसी अन्य कंपनी को आउटसोर्सिंग की जिम्मेदारी देने का फैसला कर सकती है।

उन्होंने बताया, 'विप्रो यह अनुबंध हासिल करने की दौड़ में सबसे आगे है क्योंकि आईबीएम के पास पहले ही तीन बड़े ऑपरेटर हैं। इसलिए नए ऑपरेटर शायद उसके साथ जाना पसंद न करें। टेक महिंद्रा का कारोबारी फोकस ऐसे अनुबंधों के मामले में उसके लिए बाधक बन सकता है, क्योंकि ऑपरेटर ऐसे वेंडर चाहते हैं जो बड़े पैमाने पर विशेषज्ञता रखते हों।' विप्रो की तुलना में टेक महिंद्रा भी घरेलू बाजार में दाखिल होने वाली नई खिलाड़ी है।

स्वाम और दूसरे नए ऑपरेटर उपकरणों से जुड़े ऑर्डर से पहले आईटी कॉन्टैक्ट पर बातचीत कर रहे हैं। कंपनी की आउटसोर्सिंग योजनाओं से जुड़े सवाल पर स्वान टेलीकॉम के एक प्रवक्ता ने कहा, 'हम फिलहाल तैयारी के चरण में हैं और भारतीय बाजार के लिए अपनी योजनाओं का एलान सही वक्त पर आने पर करेंगे।' ा है।
 

Posted on : Saturday May 09, 2009 09:21 AM    इकनॉमिक टाइम्स   

 

 
हमारे बार में | साईट मैप  | पालिस |  संपर्क