सरकार बिजली संकट पर जनता को गुमराह कर रही : ज्योतिरादित्य

 
मुरैना। केन्द्रीय संचार राज्य मंत्री एवं कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार विद्युत संकट के लिए कोयला की कमी का रोना रोकर जनता को गुमराह कर रही है।

सिंधिया ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत के समर्थन में आयोजित एक आम सभा में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा केन्द्र सरकार पर लगाए गए भेदभाव के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि पहले एनडीए सरकार के समय प्रदेश को 111 लाख टन कोयला मिलता था जो हमने बढ़ाकर 140 लाख टन कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर इस समय कोयले का 410 करोड़ रुपए बकाया निकल रहा है फिर भी केन्द्र सरकार उसे कोयला की आपूर्ति कर रही है।

सिंधिया ने कहा कि भाजपा नीत एनडीए सरकार के समय प्रदेश को 1800 करोड़ मिलते थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 12000 करोड़ कर दी गई है, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी कमियों को छिपाने के लिए केन्द्र सरकार पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाती रहती है। सिंधिया ने प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कहने को तो किसानों को अपना भगवान मानते हैं और खुद उसके पुजारी बन जाते हैं, लेकिन वे किसानों के बिजली के 30 हजार रुपए तक के बिल माफ नहीं कर सकते, बल्कि उन्हें गलत बिल देकर सलाखों के पीछे डलवा देते हैं।

सिंधिया ने कहा '' मुख्यमंत्री विकास का झूठा ढिंढोरा पीटते रहते हैं, वास्तविक विकास तो केन्द्र की कांग्रेस नीत सरकार ने कराया है। ''

उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि यदि वे विकास के मुद्दे पर वास्तविक बहस करना चाहते हैं तो सामने बैठें। वे बहस के लिए सहर्ष तैयार हैं।
 

 

इस समाचार की अपनी भाषा में पड़ने के लिए चयन करें To read this news in other language please select  
समाचार साभार - दै. भा.      04/24/2009 10:15 AM


 

 
 

 
हमारे बार में | साईट मैप  | पालिस |  संपर्क