चेन्नै ने दिल्ली को 18 रनों से हराया

 

जोहानिसबर्ग ।। डेविड वॉर्नर और दिनेश कार्तिक ने दिल्ली को जीत दिलाने की भरसक कोशिश की पर वे नाकाम रहे। वॉर्नर और कार्तिक जब खेल रहे थे, तो लग रहा था कि दिल्ली की टीम आसानी से जीत जाएगी। पर शादाब जकाती ने वॉर्नर और कार्तिक को पविलियन भेजकर दिल्ली के मंसूबों पर पानी फेर दिया। डेविड वॉर्नर ने 40 बॉल पर शानदार 51 रन बनाए। दिनेश कार्तिक ने भी हाफ सेंचुरी लगाई। उन्होंने 52 रनों की पारी खेली।

चेन्नै सुपरकिंग्स की जीत का बहुत सारा श्रेय शादाब जकाती को जाता है। उन्होंने अपनी बेहतरीन बोलिंग की बदौलत मैच का नक्शा पलट दिया। जकाती ने जिस बॉल पर तिलकरत्ने दिलशान को आउट किया वह वाकई काबिले तारीफ थी। उसके बाद उन्होंने वॉर्नर और दिनेश कार्तिक को भी पविलियन भेजा। प्रदीप सांगवान भी जकाती के शिकार बने।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी चेन्नै सुपरकिंग्स की टीम ने मैथ्यू हेडन, सुरेश रैना और बद्रीनाथ की बेहतरीन बैटिंग की बदौलत दिल्ली को जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य दिया। चेन्नै सुपरकिंग्स की शुरुआत बेहतरीन रही। 15वें ओवर की समाप्ति पर सुपरकिंग्स का स्कोर 134 रन था और लग रहा था कि वह 200 के करीब पहुंच जाएगी, पर दिल्ली के बोलर्स ने अंतिम 5 ओवर्स में कसी हुई बोलिंग की और सुपरकिंग्स को 163 के स्कोर पर समेट दिया। मैथ्यू हेडन आज फिर रंग में दिखे और 19 बॉल पर 30 रन बनाए। रैना ने 32 रनों की पारी खेली तो बद्रीनाथ ने 45 रन बनाए। सहवाग की गैरमौजूदगी में गौतम गंभीर ने दिल्ली की कप्तानी की बागडोर संभाली।



 

Posted on : Sunday May 03, 2009 10:43 AM source: नवभारतटाइम्स.कॉम

 
 कोलकाता नाइट राइडर्स को बेचना चाहते हैं शाहरुख ?
 

 
हमारे बार में | साईट मैप  | पालिस |  संपर्क